बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने गुरुवार को कोतवाली बस्ती क्षेत्र स्थित बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति फेज-5.0 (II) एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों को जागरूक किया।
डीआईजी ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी। उन्होंने महिला सुरक्षा एवं सहायता के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076, 102 और 108 के उपयोग के बारे में बताया। साथ ही मिशन शक्ति फेज-5.0 के पंपलेट वितरित किए गए।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक थाने पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाएं और छात्राएं महिला पुलिसकर्मियों के समक्ष अपनी समस्याएं सहजता से रख सकती हैं। डीआईजी ने छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति भी सचेत करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या फ्रॉड होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बस्ती, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना, कॉलेज प्रबंधन के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment