वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। रौता चौराहा स्थित यूनिक साइंस एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध निदेशक संतोष श्रीवास्तव एवं अध्यक्ष सुनील श्रीवास्तव ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इसके बाद सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति के साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नृत्य, नाट्य मंचन और अन्य मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इकरा ग्रुप ने नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि वैष्णवी ग्रुप, काव्या ग्रुप और रिशिका ग्रुप सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन आरुषी उपाध्याय ने किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश श्रीवास्तव ने शिक्षक दिवस की उपादेयता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों के दायित्वों पर चर्चा करते हुए सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ज्योति श्रीवास्तव, अंशू उपाध्याय, अर्चना द्विवेदी, श्वेता उपाध्याय, अमन सर, अभिरूप श्रीवास्तव एवं राकेश सर का सराहनीय योगदान रहा। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।


No comments:
Post a Comment