गोरखपुर। कल राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर की बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग के ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर करीब 16 वर्षों से सेवाएं दे रहे कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं सहायक लेखाकारों की समस्याओं पर गंभीर चिंता जताई गई। परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से विभागीय कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद इन कर्मचारियों का भविष्य अभी भी अनिश्चित है।
बैठक में कंप्यूटर ऑपरेटर एवं लेखाकार वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में उठाई गई मांगों का समर्थन किया गया। परिषद ने वर्ष 2011 से सेवा दे रहे कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं सहायक लेखाकारों को नियमित करने की मांग की। साथ ही शासनादेश के अनुरूप श्रेणी-1, 2, 3 एवं 4 के आधार पर मानदेय भुगतान तथा वरिष्ठता का लाभ देने की मांग उठाई गई।
परिषद ने कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश तथा सभी कर्मचारियों को आवश्यक चिकित्सा एवं अन्य अवकाश देने की मांग की। महंगाई को देखते हुए कंप्यूटर ऑपरेटरों का मानदेय बढ़ाकर 25 हजार रुपये और सहायक लेखाकारों का 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग भी की गई।
बैठक में कर्मचारी की मृत्यु की स्थिति में 25 लाख रुपये का मृत्यु बीमा तथा आश्रित को सेवा में लेने की व्यवस्था किए जाने की मांग रखी गई। इसके अलावा भविष्य निधि समेत अन्य सामाजिक सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जो कर्मचारी करीब 16 वर्षों से सरकार की योजनाओं और विभागीय कार्यों को धरातल पर पहुंचाने में योगदान दे रहे हैं, उनके भविष्य की कोई ठोस गारंटी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सेवा निगम से जोड़कर उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की।
परिषद ने चेतावनी दी कि यदि वर्षों से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो कर्मचारियों के हित में लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल, नरेंद्र धर द्विवेदी, राहुल श्रीवास्तव, आशीष गुप्ता, विकास श्रीवास्तव, अशोक पांडेय, पंडित श्याम नारायण शुक्ला, राजेश मिश्रा, अनूप कुमार, अनिल द्विवेदी, इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव, सुभाष पांडेय, राजू कुमार, रामधनी पासवान, इज़हार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment