वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। राजकीय इंटर कॉलेज के बहुउद्देशीय सभागार में रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि गौ सेवा आयोग उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने स्वागत संबोधन में कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे विद्यालय परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
समारोह में विभिन्न विकासखंडों से आई रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि महेश शुक्ल ने कहा कि विद्यालय की रसोई से बच्चों की थाली तक पहुंचने वाला प्रत्येक निवाला उनके स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़ा है। रसोइया बहनों के समर्पण को देखते हुए बढ़ा हुआ मानदेय और कैशलेस चिकित्सा सुविधा उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण में सहायक होगी। इससे उनका मनोबल भी बढ़ेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार त्रिपाठी, जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन अमित कुमार मिश्र सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एसआरजी आशीष श्रीवास्तव ने किया।

No comments:
Post a Comment