वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। स्वामी दयानंद विद्यालय सुरतीहट्टा में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा वैदिक यज्ञ एवं आहुतियों के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गीत, कविताएं एवं ओजस्वी व्याख्यान प्रस्तुत कर गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
विद्यार्थियों ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन-चरित्र एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने वाला माध्यम नहीं, बल्कि दूरदर्शी पथ-प्रदर्शक होता है, जो जीवन की सही दिशा निर्धारित करता है। शिक्षा केवल अक्षरों का ज्ञान नहीं, बल्कि आत्म-निर्माण और जीवन जीने की कला है।
शिक्षक अरविंद श्रीवास्तव, नितीश कुमार, अनूप कुमार त्रिपाठी, अनीशा मिश्रा एवं दिनेश कुमार मौर्य ने भी गुरु की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सफल एवं सुसंस्कृत जीवन के लिए सच्चे गुरु का मार्गदर्शन आवश्यक है।
अंत में प्रधानाध्यापक आदित्य नारायण गिरि ने समारोह में उपस्थित शिक्षकों, अतिथियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment