<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, September 10, 2026

जिले के किसानों की विदेशों में बजेगी धाक, खेतों से वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा उत्पाद


बस्ती। जिले के कृषि और उद्यानिकी उत्पादों को अब वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की तैयारी तेज हो गई है। किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और निर्यात की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) एवं उद्यान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 100 प्रगतिशील किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के प्रतिनिधियों और प्रमुख निर्यातकों ने प्रतिभाग किया।

कार्यशाला में जिला एपीडा प्रतिनिधि सत्येंद्र सिंह लोधी ने किसानों को वैश्विक बाजार की मांग, आधुनिक पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स तथा निर्यात के लिए जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एफपीओ के माध्यम से किसान संगठित होकर अपने उत्पादों की बेहतर ग्रेडिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग कर सकते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के साथ किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर भी पैदा होंगे।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रेम शंकर ने उन्नत कृषि पद्धतियों, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप फसल प्रबंधन के बारे में किसानों को प्रशिक्षित किया। विशेषज्ञों ने किसानों को उत्पादन से लेकर बाजार तक पूरी श्रृंखला को मजबूत करने पर जोर दिया।

कार्यशाला में केवीके प्रमुख आरके तोमर, वैज्ञानिक डॉ. आरबी सिंह, एलडीएम आरएन मौर्य और उपायुक्त एनआरएलएम आशा देवी ने भी किसानों को कृषि, वित्तीय प्रबंधन एवं उद्यमिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उद्यान विभाग से पंकज कुमार मिश्र, वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक सुभाष चंद्र मिश्र, उद्यान निरीक्षक राजन कुमार गोंड, सहायक उद्यान निरीक्षक आशीष कुमार, अश्वनी सिंह, प्रधान चौधरी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें किसानों और निर्यातकों ने अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं रखीं। अधिकारियों ने मौके पर ही उनके सवालों का व्यावहारिक समाधान बताया।

समापन अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार तिवारी ने उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिकी निर्यात प्रोत्साहन योजना की विस्तार से जानकारी दी और किसानों से योजनाओं का लाभ उठाकर बागवानी उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यशाला को जिले में कृषि आधारित उद्यमिता, निर्यात और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages