वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने राजघाट में गुम्बद गिरने की दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले अधिवक्ता आलोक अस्थाना एवं संजय सिंह के आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दोनों परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अजय राय ने कहा कि दोनों उदीयमान अधिवक्ताओं की असमय मृत्यु अत्यंत दुखद है। इससे उनके परिवारों के साथ ही अधिवक्ता समाज और पूरे गोरखपुर को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने राजघाट में कुछ वर्ष पूर्व निर्मित गुम्बद के अचानक गिरने की घटना को गंभीर बताते हुए निर्माण की गुणवत्ता, इस्तेमाल की गई सामग्री, डिजाइन, निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जहां लोग अंतिम संस्कार के लिए पहुंचते हैं, वहां इस तरह का हादसा बेहद चिंताजनक है। इसे महज दुर्घटना मानकर मामले को दबाया नहीं जा सकता।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि निर्माण में मानकों की अनदेखी या किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से उच्चस्तरीय जांच कराने, मृतक अधिवक्ताओं के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा सरकारी नौकरी देने की भी मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि यह हादसा निर्माण कार्यों में संभावित लापरवाही और अनियमितताओं की ओर गंभीर संकेत करता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment