वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने रेलकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) ने गुरुवार को बौलिया रेलवे कॉलोनी में नवनिर्मित ‘रेल संगम विहार’ के 100 टाइप-III रेलवे आवास पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन को हस्तांतरित किए।
आरएलडीए के उपाध्यक्ष मनोज गर्ग ने महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर को प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर आवासों का हस्तांतरण किया। इसके बाद महाप्रबंधक ने बच्चे से फीता कटवाकर रेल कर्मचारी आवंटियों को नए आवासों की चाबी सौंपी। कार्यक्रम का शुभारंभ पूजन एवं हवन से हुआ। परियोजना पर आधारित वीडियो फिल्म के प्रदर्शन के बाद महाप्रबंधक ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परिसर का निरीक्षण किया।
12,697 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में 36.55 करोड़ रुपये की लागत से बने ‘रेल संगम विहार’ में तीन बहुमंजिला टावरों में 100 आवास हैं। राप्ती टावर में 36 तथा सरयू और रोहिणी टावर में 32-32 फ्लैट बनाए गए हैं। परिसर में 141 कारों की पार्किंग, फायर सेफ्टी युक्त छह लिफ्ट, 62 केएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और जल संरक्षण की आधुनिक व्यवस्था की गई है।
कॉलोनी में बच्चों के लिए पार्क, ओपन जिम, हरा-भरा लॉन, सामुदायिक केंद्र और 100 से अधिक पेड़-पौधे लगाए गए हैं। प्रकाश व्यवस्था के लिए 49 हाइब्रिड सोलर स्ट्रीट लाइट्स तथा प्रत्येक फ्लैट में पीएनजी गैस कनेक्शन की सुविधा दी गई है।
इस अवसर पर महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल और आरएलडीए उपाध्यक्ष मनोज गर्ग ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

No comments:
Post a Comment