वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने कोतवाली बस्ती क्षेत्र के बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति फेज-5.0 (II) एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों को महिला सुरक्षा तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया।
डीआईजी ने छात्राओं से संवाद करते हुए सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। उन्होंने महिला सुरक्षा एवं सहायता के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076, 102 और 108 के उपयोग के बारे में बताया। साथ ही मिशन शक्ति के पंपलेट वितरित किए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक थाने पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित हैं, जहां महिलाएं एवं छात्राएं महिला पुलिसकर्मियों के समक्ष अपनी समस्याएं सहजता से रख सकती हैं।
साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान डीआईजी ने साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बस्ती, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना, कॉलेज प्रबंधन के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment