वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता।
मानसरोवर, आबू रोड। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की भगिनी संस्था राजयोग एज्युकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के मीडिया एवं पीआर विंग की ओर से आबू रोड स्थित मानसरोवर के दिव्य शक्ति अनुभूति हॉल में ‘श्रेष्ठ विश्व के निर्माण हेतु सशक्त मीडिया’ विषय पर राष्ट्रीय मीडिया महासम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में देशभर से आए पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों ने सकारात्मक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता पर विचार रखे।
अध्यक्षीय संबोधन में मीडिया एवं पीआर विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. मान सिंह परमार ने कहा कि श्रेष्ठ विश्व के लिए शांति, एकता और विश्वास जरूरी है। भारतीय संस्कृति की मूल भावना ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ और संविधान में निहित विश्व बंधुत्व की भावना को आगे बढ़ाना होगा।
भारत न्यूज नेटवर्क के सीईओ डॉ. सरफराज सैफी ने कहा कि आज वायरल पोस्ट को बिना पड़ताल सच मान लेने की प्रवृत्ति बढ़ी है। मीडिया को सकारात्मकता और सत्य के साथ खड़े होकर अपना भरोसा बनाए रखना चाहिए।
न्यूज इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ राणा यशवंत ने एआई और साइबर युद्ध के बढ़ते खतरे पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तकनीकी विकास के दौर में दुनिया खतरनाक मोड़ पर खड़ी है और भारत को अधिक सजग रहने की जरूरत है।
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के प्रो. संजय द्विवेदी ने कहा कि पत्रकारिता को साहस, अध्यात्म और सत्यनिष्ठा की जरूरत है। मीडिया की पहली पूंजी भरोसा है, जो सच के साथ खड़े रहने से बनता है। कार्यक्रम का संचालन बीके चंद्रकला बहन ने किया।

No comments:
Post a Comment