<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, September 18, 2026

बास्केटबॉल में गोरखपुर का दबदबा, तीन मंडलों ने जीतीं ट्रॉफियां


गोरखपुर। सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में चल रही 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी बास्केटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। शुक्रवार को प्रतियोगिता के समापन पर गोरखपुर, मेरठ और वाराणसी मंडल की टीमों ने विभिन्न आयु वर्गों में खिताब अपने नाम किए। पांच दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल में गोरखपुर मंडल ने मेरठ को 28-23 से हराकर ट्रॉफी जीती। मेरठ दूसरे और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की टीम तीसरे स्थान पर रही। अंडर-14 बालक वर्ग में मेरठ ने गोरखपुर को 35-25 से पराजित कर खिताब हासिल किया, जबकि वाराणसी को तीसरा स्थान मिला।

अंडर-17 बालिका वर्ग में मेरठ ने गोरखपुर को 30-15 से शिकस्त देकर पहला स्थान हासिल किया। वाराणसी की टीम तीसरे स्थान पर रही। अंडर-17 बालक वर्ग में गोरखपुर मंडल ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए वाराणसी को 45-10 के एकतरफा मुकाबले में हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। मेरठ तीसरे स्थान पर रहा।
अंडर-19 बालिका वर्ग का मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें गोरखपुर मंडल ने मेरठ को 45-43 से हराकर खिताब जीता। वाराणसी को तीसरा स्थान मिला। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में वाराणसी और गोरखपुर के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। पहले हाफ में दोनों टीमें बराबरी की टक्कर देती रहीं, लेकिन दूसरे हाफ में वाराणसी ने बढ़त बनाते हुए गोरखपुर को 57-37 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। आजमगढ़ तीसरे स्थान पर रहा।
- खेल से मिलता है अनुशासन और टीमवर्क का संदेश
समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त टीमों के खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीमवर्क और हार-जीत को समान भाव से स्वीकार करने की सीख देता है। उपविजेता खिलाड़ियों को निराश न होकर अपनी कमियों से सीख लेते हुए दोबारा प्रयास करना चाहिए। आत्मसंयम और लक्ष्य के प्रति सजगता सफलता के लिए जरूरी है।
विशिष्ट अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य राम जन्म सिंह ने कहा कि खेल का मैदान जाति, धर्म और मजहब की सीमाओं से ऊपर उठकर खिलाड़ियों को एक मंच पर लाता है।
फाइनल मुकाबलों का शुभारंभ पटेल स्मारक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार पांडे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अतिथियों का स्वागत जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह एवं एमजी इंटर कॉलेज के प्रबंधक मंकेश्वर नाथ पांडे ने किया। प्रधानाचार्य डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया, जबकि पांच दिवसीय प्रतियोगिता की आख्या शारीरिक शिक्षक विवेकानंद मिश्र ने प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संचालन संजय कुमार श्रीवास्तव एवं अभय प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य गिरजेश पांडे, डॉ. अरुण सिंह, समन्वयक आशुतोष मिश्रा, शशि भूषण श्रीवास्तव, नन्हे पटेल, डॉ. अरुणेंद्र राय, जयप्रकाश यादव, सुशील त्रिपाठी, डॉ. चंदन सिंह, सत्य प्रकाश मिश्रा, लक्ष्मण सिंह, अनुराग यादव, रोहित कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages