<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, September 18, 2026

साइबर ठगी से बचाव को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक, गांव में निकला पैदल मार्च


बस्ती। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को छावनी थाना क्षेत्र के एसएनएसबी इंटर कॉलेज डुहवा मिश्र में पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा के साथ साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में हुआ।

प्रभारी निरीक्षक राणा डीपी सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मिशन शक्ति सेल की महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं और विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान नए कानूनों के संबंध में भी जानकारी साझा की गई। छात्राओं आस्था सिंह और यशस्वी सिंह ने जागरूकता से जुड़ी कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

साइबर सेल के आरक्षी आशीष कुमार ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन से होने वाले साइबर फ्रॉड के प्रति सचेत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान लोगों के साथ ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने के प्रति जागरूक किया।

पुलिस टीम ने आपात स्थिति में सहायता के लिए 1090 महिला पावर लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के समापन के बाद पुलिसकर्मियों ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ डुहवा मिश्र गांव में पैदल मार्च निकाला। इस दौरान ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को मिशन शक्ति अभियान तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

No comments:

Post a Comment

Pages