<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, September 13, 2026

शरदकालीन गन्ना बुवाई पर जोर, एमडी ने मिल व खेतों का किया निरीक्षण


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

बस्ती। चीनी मिल के पेराई सत्र की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बजाज ग्रुप के प्रबंध निदेशक अजय शर्मा एवं सहायक महाप्रबंधक कॉरपोरेट असद शेख ने इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी के साथ मिल परिसर से लेकर गन्ना प्लांट और गन्ना तौल केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सभी विभागों की बैठक कर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिया कि पेराई सत्र से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएं। कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के बाद प्रबंध निदेशक ने टीम के साथ ग्राम लकड़ा, आरदा, महुआरी, कामदा और बहादुरपुर आदि गांवों में पहुंचकर गन्ने की फसल का निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में किसानों से संवाद कर शरदकालीन गन्ने की बुवाई पर विशेष जोर दिया। उन्होंने किसानों से शरदकालीन गन्ने के साथ सहफसली खेती करने की अपील की। बताया कि इस समय लाही, गोभी, टमाटर, धनिया, पालक, मेथी, राजमा, बाकला, शलजम और चुकंदर आदि फसलों की बुवाई कर किसान अतिरिक्त लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि समय-समय पर गुड़ाई, सिंचाई और निराई करने से खेत में खरपतवार नियंत्रित रहते हैं और गन्ने की फसल का बेहतर विकास होता है। किसानों को आधुनिक कृषि विधियों को अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए। इसके लिए मिल प्रबंधन की ओर से गांव-गांव कृषक गोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने किसानों से अधिक उत्पादन देने वाली गन्ना प्रजातियों 14201, 15023, 16202, 0118 और 13235 की अधिक से अधिक क्षेत्रफल में बुवाई करने की अपील की। मिल की ओर से किसानों को बीज और दवा आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई।

इस दौरान गन्ना तौल केंद्र का निरीक्षण कर उसके कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। गन्ना उठान के लिए परिवहन व्यवस्था की भी जानकारी ली गई। वरिष्ठ अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने कहा कि उच्च अधिकारियों के क्षेत्रीय निरीक्षण से कर्मचारियों में उत्साह बढ़ता है और वे कार्य को पूरी लगन से बेहतर ढंग से करने के लिए प्रेरित होते हैं। निरीक्षण से क्षेत्रीय किसानों में भी उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक गन्ना लवकुश सिंह चौहान, उप महाप्रबंधक गन्ना अनिल शुक्ला, उप प्रबंधक गन्ना राजेश सिंह सहित क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages