वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गुवाहाटी। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के तहत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), लखनऊ की ओर से आयोजित असम-मेघालय मीडिया टूर पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से गुवाहाटी स्थित लोकभवन में मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने पत्रकारों से संवाद करते हुए असम की विकास यात्रा, पर्यटन, संस्कृति और समृद्ध विरासत से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने कहा कि असम देश की विविधता में एकता का जीवंत उदाहरण है। राज्य की विशिष्ट संस्कृति, परंपराएं और प्राकृतिक संपदा देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों को आकर्षित करती हैं। उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।
उन्होंने असम में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में आधारभूत ढांचे, कनेक्टिविटी और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति हो रही है। विकास के साथ असम की सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संपदा का संरक्षण भी जरूरी है।
राज्यपाल ने लोकभवन और राजभवन जैसे संस्थानों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता से संवाद और जनभागीदारी का विशेष महत्व है। ऐसे संस्थान जनता से जुड़ने और जनसेवा को प्रभावी बनाने का माध्यम हैं।
मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से असम के विकास, पर्यटन, संस्कृति और उत्तर प्रदेश-असम के आपसी संबंधों से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की। पत्रकारों ने असम की विकास यात्रा और सामाजिक-सांस्कृतिक विविधता को करीब से समझने में मीडिया टूर की उपयोगिता पर भी चर्चा की।
पीआईबी द्वारा आयोजित यह मीडिया टूर उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों को मजबूत करने के साथ असम की विकास यात्रा, पर्यटन और विरासत को देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

No comments:
Post a Comment