गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपनी पत्नी से मृतक के कथित अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक में उसने 17 सितंबर को लोहे की बांका (दाव) से वार कर युवक की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर थाना बांसगांव में मुकदमा अपराध संख्या 375/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए आठ पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा करीब 300 मोबाइल नंबरों के सीडीआर का विश्लेषण किया। मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची।
पुलिस ने मामले में संतोष मिश्रा पुत्र जयप्रकाश मिश्रा, निवासी जयन्तीपुर, थाना बांसगांव को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की बांका (दाव), घटना के समय पहनी गई रक्तरंजित बनियान और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में मृतक की हत्या करने की बात स्वीकार की है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली संयुक्त टीम में सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार यश, क्षेत्राधिकारी बांसगांव अनुज कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी खजनी दिपांशी राठौर, एसओजी, एंटी थेफ्ट, स्वाट, सर्विलांस टीम तथा थाना बांसगांव की पुलिस शामिल रही।

No comments:
Post a Comment