बस्ती। श्याम बाटिका मैरेज लॉन में बुधवार को समाजवादी पार्टी व्यापार सभा की ओर से पीडीए व्यापारी मण्डलीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष रघुनन्दन राम साहु की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में व्यापारियों की समस्याओं, उनके उत्पीड़न और कारोबार से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। छोटे, मध्यम और लघु व्यापारी रोजगार उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद व्यापारी आज महंगाई, बाजार में घटती क्रय शक्ति, ऑनलाइन व्यापार की बढ़ती प्रतिस्पर्धा, जीएसटी से जुड़ी जटिलताओं, अनावश्यक जांच-पड़ताल, बढ़ते व्यावसायिक खर्च और सुरक्षा जैसे मुद्दों से जूझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों को भय और अनावश्यक दबाव से मुक्त वातावरण मिलना चाहिए, ताकि वे निर्बाध रूप से अपना कारोबार कर सकें। व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाया जाएगा।
सपा जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कविन्द्र चौधरी अतुल, पूर्व विधायक राजमणि पाण्डेय और सपा नेता दयाशंकर मिश्र ने भी सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यापारियों से एकजुट होने का आह्वान किया।
व्यापार सभा जिलाध्यक्ष रघुनन्दन राम साहु ने कहा कि अधिकारों की लड़ाई के लिए व्यापारियों का संगठित होना जरूरी है। संगठन जितना मजबूत होगा, व्यापारियों की आवाज उतनी ही प्रभावी तरीके से उठाई जा सकेगी।
सम्मेलन में समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल प्रभारी विजय जायसवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अंशुल गुप्ता, संतकबीरनगर जिलाध्यक्ष विजय जायसवाल, सिद्धार्थनगर जिलाध्यक्ष घनश्याम जायसवाल सहित बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के बड़ी संख्या में व्यापारी, पदाधिकारी और सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment