<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, September 23, 2026

संविदा कर्मचारियों की मांगों को लेकर सीएम को भेजा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी


बस्ती। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण बस्ती मंडल तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को सौंपा। मंडल अध्यक्ष डॉ. वीके वर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों के नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन, सेवा सुरक्षा समेत विभिन्न मांगों के समाधान की मांग की गई।
मंडल अध्यक्ष डॉ. वीके वर्मा ने कहा कि प्रदेश में एक लाख से अधिक संविदा कर्मचारी कई वर्षों से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में योगदान दे रहे हैं। जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सीएमओ कार्यालयों में तैनात कर्मचारी विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो संघ चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
उन्होंने बताया कि 5, 6 और 7 अक्टूबर को कर्मचारी काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध करेंगे। इसके बाद 8, 9 और 10 अक्टूबर को जनपद मुख्यालयों पर बैठक कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसके बावजूद मांगों का समाधान नहीं होने पर आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती ने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ सेवाएं दीं। टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संचारी व गैर संचारी रोग नियंत्रण समेत विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में कर्मचारियों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर तत्काल विचार करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने लंबे समय से सेवा दे रहे संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग की। उन्होंने कहा कि नियमितीकरण होने तक समान कार्य के आधार पर सम्मानजनक वेतन, छठे वेतन आयोग के अनुरूप वेतन संरचना, महंगाई भत्ता, कर्मचारी भविष्य निधि, आवास भत्ता, चिकित्सा सुविधा और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ दिए जाएं।
ज्ञापन में स्थानांतरण नीति बहाल करने, रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण की सुविधा, सेवाकाल में मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में शामिल करने तथा स्वास्थ्य विभाग की नियमित भर्तियों में एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत सीटों का कोटा निर्धारित करने की मांग भी की गई।
ज्ञापन के दौरान ओपेक चिकित्सालय कैली, महिला अस्पताल, जिला अस्पताल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages