<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, September 23, 2026

प्लास्टिक की निकली अंतिम यात्रा, ग्रामीणों ने दिया स्वच्छता का संदेश


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

बहादुरपुर, बस्ती। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बहादुरपुर विकासखंड के ग्राम कनैला खुर्द में बुधवार को सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अनूठे ढंग से जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों और ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के संयुक्त सहयोग से गांव में ‘प्लास्टिक की अंतिम यात्रा’ निकाली गई। प्लास्टिक से तैयार प्रतीकात्मक शव की अर्थी को ग्रामीणों ने कंधा देकर पूरे गांव में भ्रमण कराया। यात्रा में पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी भागीदारी की।

यात्रा की शुरुआत कनैला खुर्द स्थित रिसोर्स रिकवरी सेंटर से हुई। प्लास्टिक का प्रतीकात्मक शव तैयार करने और उसे सजाने में पंचायत के स्वच्छता कर्मी सूरज चक्रवर्ती का विशेष योगदान रहा। अर्थी के पीछे कचरा ठेला भी लगाया गया था, जिसके साथ यात्रा गांव के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी।

यात्रा में ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के संस्थापक सदस्य राम कृष्ण पटेल, बाल कृष्ण पटेल, फ्रेंड्स ऑफ सोसाइटी के अब्दुर रहीम, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ चौधरी, आरो फाउंडेशन के सोनू कुमार, राम कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

यात्रा जब आदर्श प्राथमिक विद्यालय नकहा कनैला खुर्द के सामने पहुंची तो स्कूली बच्चे भी इसमें शामिल हो गए। बच्चों ने कार्डबोर्ड पर बनाए संदेशों के माध्यम से स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश दिया।

गांव में भ्रमण के दौरान पांच स्थानों पर अर्थी को जमीन पर रखकर प्रतीकात्मक रूप से शोक जताया गया। इन पड़ावों पर स्वच्छता कर्मियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के साथ सूखे और गीले कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों से कचरा निर्धारित व्यवस्था के तहत देने और इधर-उधर न फेंकने की अपील की गई।

यात्रा के दौरान कुछ ग्रामीणों ने कचरा ठेले पर लगाए गए क्यूआर कोड और गुल्लक के माध्यम से पंचायत निधि में आर्थिक सहयोग भी किया।

ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के अध्यक्ष प्रभाकर ने कहा कि पहल का उद्देश्य स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त गांव की मुहिम को केवल जागरूकता कार्यक्रम तक सीमित न रखकर ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि गांव को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी सामूहिक है और छोटे-छोटे प्रयासों से सिंगल यूज प्लास्टिक पर निर्भरता कम की जा सकती है।

स्वच्छता कर्मी सूरज चक्रवर्ती ने ग्रामीणों से सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखने तथा घरों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित व्यवस्था के तहत देने की अपील की। अभियान के माध्यम से ‘हमारा गांव, हमारी जिम्मेदारी—सिंगल यूज प्लास्टिक से आजादी’ का संदेश दिया गया।

No comments:

Post a Comment

Pages