बस्ती। हर्रैया स्थित एचएमए इंटर कॉलेज में बुधवार को इन्वेस्टिचर सेरेमनी का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और प्रतिष्ठा बनाए रखने के साथ अपने दायित्वों का निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ ली। हेड बॉय हार्दिक पांडेय और हेड गर्ल पूर्णिमा दुबे समेत अन्य छात्र पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मो. शहजाद सिद्दीकी ने की, जबकि मुख्य अतिथि रेशमा बानो रहीं। विद्यालय के निदेशक एमडी ओझा और प्रधानाचार्य केएन वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि दिवाकर रंजन और राम सागर प्रजापति की मौजूदगी रही।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नेतृत्व केवल पद और अधिकार हासिल करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा भावना के साथ कार्य करने की भावना है। छात्र पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी उनके व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर है।
निदेशक एमडी ओझा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित, आत्मविश्वासी और संवेदनशील नागरिक बनाना भी है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपने आचरण और कार्यों से अन्य विद्यार्थियों के लिए आदर्श प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य केएन वर्मा ने कहा कि छात्र पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी उनके भीतर नेतृत्व के गुण विकसित करने का अवसर है। उन्होंने विद्यालय के अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। समारोह में विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। अतिथियों ने नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

No comments:
Post a Comment