बस्ती। नगर पंचायत नगर में तीन करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मैरिज हॉल का निर्माण कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश शासन ने इसके निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने बताया कि लुम्बिनी-दुद्धी राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट गुरु प्रसाद नगर वार्ड में मैरिज हॉल निर्माण के लिए सीएमवीएनवाई योजना के तहत नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे शासन से मंजूरी मिल गई है। शासन ने सीएंडडीएस विभाग को कार्यदायी संस्था नामित किया है।
अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अत्याधुनिक मैरिज हॉल के निर्माण से नगरवासियों को मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए कम कीमत पर आधुनिक भवन एवं परिसर की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही इससे नगर पंचायत की आय में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फुलवरिया पाण्डेय स्थित नगर पंचायत के पुराने कार्यालय भवन को भी विवाह घर में परिवर्तित किया जाएगा। इसके अलावा राजघाट और बारीजोत में भी विवाह घर निर्माण के प्रस्ताव शासन स्तर पर विचाराधीन हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि नगर को महानगर जैसी सुविधाओं से लैस करने का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने नगर को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अत्याधुनिक मैरिज हॉल निर्माण की स्वीकृति मिलने पर नगरवासियों में हर्ष का माहौल है।

No comments:
Post a Comment