- एसपी रेलवे ने की समीक्षा बैठक, संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त और ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश
बैठक में ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी, यात्रियों की सुरक्षा और सुगम रेल आवागमन को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी रेलवे ने कहा कि रेलवे ट्रैक के आसपास जिन स्थानों पर पूर्व में पत्थरबाजी की घटनाएं हुई हैं, उन्हें संवेदनशील क्षेत्र के रूप में चिह्नित कर विशेष निगरानी रखी जाए।
उन्होंने जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमों को ऐसे क्षेत्रों में पैदल गश्त करने तथा ट्रैक किनारे बसे गांवों और बस्तियों में जाकर ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर ट्रेनों पर पत्थर फेंकने के गंभीर परिणामों की जानकारी लोगों को दी जाए।
एसपी रेलवे ने पूर्व में पत्थरबाजी की घटनाओं में शामिल रहे लोगों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रैक किनारे स्थित शैक्षणिक संस्थानों में भी जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया, ताकि बच्चों और युवाओं को ट्रेनों पर पत्थर फेंकने जैसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रखा जा सके।
उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी की किसी भी घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा संबंधी उपकरण उपलब्ध कराने और ड्यूटी से पहले आवश्यक ब्रीफिंग कराने के निर्देश दिए।
एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने कहा कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी से यात्रियों की सुरक्षा सीधे प्रभावित होती है। इसे रोकने के लिए पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी और जागरूकता भी बेहद जरूरी है।

No comments:
Post a Comment