गोरखपुर। पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र ने बुधवार को जीआरपी थाना देवरिया का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, बैरक, शस्त्रागार एवं थाना कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान लंबित विवेचनाओं का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर शस्त्रागार में रखे शस्त्र, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, डंडा व दंगा नियंत्रण उपकरणों की स्थिति भी जांची गई। शस्त्रागार के समस्त दंगा नियंत्रण उपकरणों को उपयोग की दृष्टि से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
एसपी रेलवे ने महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर वहां नियुक्त महिला कर्मचारियों से यात्रियों को दी जाने वाली सहायता की जानकारी ली और महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा। साथ ही जीआरपी थाने पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क रहकर पूरी तत्परता से कार्य करने तथा यात्रियों से मधुर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एसपी रेलवे ने देवरिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आउटर और पार्किंग क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आगामी त्योहारों को देखते हुए अलर्ट मोड पर रहते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और ज्वलनशील पदार्थों पर कड़ी निगरानी रखने तथा आरपीएफ के साथ समन्वय कर सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने थाना प्रभारी को दंगा नियंत्रण उपकरणों को सक्रिय अवस्था में रखने के साथ ही स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।

No comments:
Post a Comment