जिलाध्यक्ष ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुस्तकालय एवं वाचनालय में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने पर केंद्रित था। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए भाजपा ने जिले में ‘सेवा सेतु अभियान’ का शुभारंभ किया है।
अभियान के तहत विभिन्न विकासखंडों में बहुद्देशीय सेवा शिविर लगाए गए। सल्टौआ में जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, विक्रमजोत में विधायक अजय सिंह, बहादुरपुर में रवि सोनकर, बनकटी में रामायण सिंह, बस्ती सदर में राकेश श्रीवास्तव, साऊंघाट में प्रमोद पांडेय तथा कप्तानगंज में ममता पांडेय ने शिविरों का उद्घाटन किया।
शिविरों में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान भारत कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, राशन कार्ड, श्रमिक पंजीकरण, मतदाता पंजीकरण, बैंकिंग एवं ऋण सुविधा, कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, स्वरोजगार, महिला एवं बाल विकास तथा कौशल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लोगों के आवेदन एवं पंजीकरण कराने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान में भी सहायता की गई।
विवेकानंद मिश्र ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी माध्यम तैयार करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जरूरतमंद लोगों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि शनिवार को क्षेत्रीय महामंत्री एवं जिला प्रभारी डॉ. सत्येंद्र सिंह बस्ती पहुंचेंगे। सुबह 11 बजे बस्ती टोल पर उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद भाजपा कार्यालय पर परिचयात्मक बैठक आयोजित होगी।
कार्यक्रमों में संजय चौधरी, भानु प्रकाश मिश्र, प्रत्यूष विक्रम सिंह, अमृत कुमार वर्मा, अजय पाल सिंह, अखंड प्रताप सिंह, वीरेन्द्र गौतम, दिलीप पाण्डेय, शिवानी सिंह, शालिनी मिश्र, राकेश शर्मा, नीलम गौड़ समेत जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment