गोरखपुर। चिलुआताल पुलिस ने छिनैती की घटना के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14,300 रुपये नकद और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद नकदी छिनी गई चेन को बेचने से प्राप्त धनराशि है।
पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर को मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने एक महिला के गले से पीली धातु की चेन छीन ली थी। घटना के संबंध में चिलुआताल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने अलाउद्दीन उर्फ आयुष पुत्र स्व. कुर्बान अली उर्फ नागा, निवासी ग्राम भिसवा, थाना झंगहा, गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14,300 रुपये नकद तथा चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, बरामदगी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गिरोहबंद अधिनियम का मामला भी शामिल है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सूरज सिंह, उपनिरीक्षक विनय सिंह, विपिन कुमार यादव, सच्चिदानन्द पाण्डेय, आकाश जायसवाल, आलोक चौबे समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment