वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में लागू की गई नई व्यवस्था का भारतीय मजदूर संघ, बस्ती ने स्वागत किया है। संगठन ने इसे श्रमिक हितों की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताते हुए सरकार के निर्णय की सराहना की।
सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन का सीधे बैंक खातों में भुगतान, ईपीएफ एवं ईएसआई की नियमित व्यवस्था, सेवा शुल्क की कटौती पर रोक, मनमाने ढंग से सेवा समाप्ति पर नियंत्रण, मानदेय में वृद्धि, 40 लाख रुपये तक दुर्घटना बीमा तथा यूपीसीओएस (UPCOS) पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी व्यवस्था लागू किए जाने को श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है।
विभाग प्रमुख अशोक सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का यह निर्णय लाखों आउटसोर्स कर्मचारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। समय से वेतन भुगतान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ और सेवा की स्थिरता से कर्मचारियों में विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने श्रमिक हितों को प्राथमिकता दी है।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से आउटसोर्स कर्मचारियों की मांग रही है कि उनके वेतन, ईपीएफ और अन्य सुविधाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। यूपीसीओएस पोर्टल लागू होने से बिचौलियों की भूमिका कम होगी और कर्मचारियों को उनके अधिकार समय पर मिल सकेंगे। उन्होंने दुर्घटना बीमा और सेवा सुरक्षा की व्यवस्था को कर्मचारियों तथा उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत बताया।
जिला मंत्री राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार का यह निर्णय श्रमिक सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बिना कारण सेवा से हटाने पर नियंत्रण तथा कार्य के अनुरूप मानदेय बढ़ाने की व्यवस्था से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई व्यवस्था से प्रदेश के लाखों आउटसोर्स कर्मचारी लाभान्वित होंगे और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
भारतीय मजदूर संघ, बस्ती ने प्रदेश सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी श्रमिक हितों को ध्यान में रखते हुए इसी प्रकार के जनकल्याणकारी निर्णय लिए जाते रहेंगे।

No comments:
Post a Comment