वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत छावनी पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक उन्माद फैलाने का प्रयास करने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी हर्रैया के कुशल निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक छावनी राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, रवि तेजा पुत्र राम बली, निवासी वीरपुर खरहरा, थाना छावनी, जनपद बस्ती द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक उन्माद फैलाने का प्रयास किया गया।
मामले में पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए उसे धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री के माध्यम से सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment