वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जवाहर नवोदय विद्यालय संत कबीर नगर के प्राचार्य श्रीकांत तिवारी ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि सत्र 2027-28 के लिए कक्षा नौवीं और 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु लेटरल एंट्री चयन परीक्षा-2027 के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित होगी।
कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए संबंधित जिले के वास्तविक निवासी भारतीय अभ्यर्थी पात्र होंगे। अभ्यर्थी का शैक्षणिक सत्र 2026-27 में उसी जिले के किसी सरकारी अथवा सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत होना आवश्यक है, जहां जवाहर नवोदय विद्यालय संचालित है और जिसमें प्रवेश मांगा जा रहा है। अभ्यर्थी के निवास का जिला और कक्षा आठवीं में अध्ययन का जिला समान होना चाहिए।
कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होनी चाहिए। यह आयु सीमा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा दिव्यांग सहित सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों पर लागू होगी।
इसी प्रकार कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए वे भारतीय अभ्यर्थी पात्र होंगे, जो शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत हैं। अभ्यर्थी का किसी सरकारी अथवा सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत होना आवश्यक है। इसमें सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों के साथ-साथ राज्य शिक्षा बोर्ड अथवा अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड से संचालित विद्यालय भी शामिल हैं।
कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच होनी चाहिए। यह आयु सीमा भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांग सहित सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों पर लागू होगी।
प्राचार्य ने बताया कि कक्षा नौवीं के लिए ऑनलाइन आवेदन जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के निर्धारित पंजीकरण पोर्टल के माध्यम से तथा कक्षा 11वीं के लिए संबंधित पंजीकरण पोर्टल पर किया जा सकता है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले पात्रता, आयु सीमा एवं अन्य आवश्यक शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। चयन परीक्षा की तिथि 10 अप्रैल 2027 निर्धारित की गई है। प्रवेश से संबंधित विस्तृत विवरणिका पंजीकरण पोर्टल पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी विवरणिका का अध्ययन कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
No comments:
Post a Comment