वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की कार्ययोजना को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतिगत सुधारों और विकास कार्यों से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने अभियान के तहत जनपद मुख्यालय से लेकर विकासखंड और ग्रामीण स्तर तक होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों के लिए विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शाम सात बजे घरों, प्रमुख मंदिरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारकों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में रक्तदान शिविर तथा दिव्यांगजन कल्याण कार्यक्रम भी होंगे।
‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत कक्षा 5 से 8 तक चित्रकला, कक्षा 9 से 12 तक भाषण तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटकों, ‘सेवा की कहानी’ के तहत डिजिटल व रील अभियान, ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर उत्सव और सम्मान कार्यक्रम आयोजित होंगे। 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा तथा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान चलेगा। विकासखंड स्तर पर सात दिवसीय ‘सेवा सेतु’ बहुउद्देशीय शिविर भी लगाए जाएंगे।

No comments:
Post a Comment