वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
ज्ञानपुर (भदोही)। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), वाराणसी की ओर से मंगलवार को ज्ञानपुर में पत्रकारों के लिए मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 और नशामुक्त भारत अभियान के तहत पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एनीमिया की रोकथाम तथा नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी बालगोविंद शुक्ल, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्राध्यापक बाला लखेंद्र, राष्ट्रीय नशा मुक्ति एवं पुनर्वास परामर्श समिति के सदस्य सुमित कुमार सिंह, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमरीश और सीबीसी वाराणसी के सहायक निदेशक डॉ. लालजी ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य अतिथि अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने पत्रकारों से नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता के प्रयासों में सकारात्मक भूमिका निभाने तथा सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की तथ्यपरक जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सीडीओ बालगोविंद शुक्ल ने संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। प्राध्यापक बाला लखेंद्र ने उचित पोषण, सूचना के फॉलोअप और फर्जी सूचनाओं की पहचान पर चर्चा की। सुमित कुमार सिंह ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। डॉ. अमरीश ने महिलाओं में एनीमिया के कारणों और बचाव के उपाय बताए। कार्यशाला में 80 से अधिक स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

No comments:
Post a Comment