बस्ती। नगर पंचायत भानपुर में मंगलवार को मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) कीर्ति प्रकाश भारती ने एसडीएम/ईओ राजेश यादव के साथ नगर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। सुबह पहुंचे अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था, घर-घर कूड़ा संग्रहण, प्रमुख चौराहों, सड़कों, कूड़े के ढेर और नालियों की स्थिति का जायजा लिया। गंदगी वाले स्थानों को चिह्नित कर तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न वार्डों में कूड़ा संग्रहण वाहनों की नियमित पहुंच और घरों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था की जानकारी ली। नालियों की स्थिति देखते हुए जाम नालियों की तत्काल सफाई कराने तथा जलभराव की समस्या रोकने के लिए नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।
- शराब की दुकान के आसपास गंदगी पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान एक देसी शराब की दुकान के आसपास काफी गंदगी मिलने पर सीआरओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने आबकारी विभाग और नगर पंचायत के अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद की सभी नगर निकायों में शराब की दुकानों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर कूड़े का नियमानुसार निस्तारण कराने और दुकानदारों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने के लिए निर्देशित करने को कहा।
सीआरओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका असर सड़कों, गलियों और नालियों में स्पष्ट दिखाई देना चाहिए। उन्होंने नियमित निगरानी और गंदगी मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
- नागरिकों से किया संवाद
अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर सफाई व्यवस्था, कूड़ा संग्रहण और नालियों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। सीआरओ ने लोगों से अपील की कि घरों से निकलने वाला कूड़ा निर्धारित कूड़ा संग्रहण वाहन को दें और सार्वजनिक स्थानों, सड़कों व नालियों में कूड़ा न डालें।
- ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान में खुद संभाली झाड़ू
स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से चल रहे ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती और एसडीएम/ईओ राजेश यादव ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सड़क पर स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि नगर को स्वच्छ रखना केवल नगर पंचायत और सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
इसके बाद सीआरओ ने नगरीय निकाय निदेशालय की डीसीसी बैठक में भी प्रतिभाग किया। बैठक में नगरीय निकायों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मंडल कार्यक्रम प्रबंधक अमरेंद्र सिंह सहित नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment