<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, September 22, 2026

निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाएं, समयसीमा का रखें विशेष ध्यान - मंडलायुक्त


बस्ती। एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को लेकर मंगलवार को आयुक्त सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मंडल के विभिन्न जनपदों में चल रही परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से परियोजनावार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। जिन परियोजनाओं की प्रगति धीमी है, उनमें तत्काल कार्य की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धन के अभाव में किसी भी परियोजना का कार्य बाधित नहीं होना चाहिए। बजट की आवश्यकता होने पर शासन को समय से मांग पत्र भेजकर धनराशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कहा कि प्रत्येक परियोजना में निर्धारित मानकों और तकनीकी विशिष्टताओं का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति और इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री का सत्यापन करें। गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि परियोजनाओं को समय से पूरा कराने के लिए विभागीय अधिकारी और कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कार्य में आने वाली बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा भौतिक और वित्तीय प्रगति में अपेक्षित तालमेल बनाए रखा जाए।
बैठक का संचालन उप निदेशक अर्थ एवं संख्या पूनम ने किया। इस अवसर पर संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी सिद्धार्थनगर बलराम सिंह, संतकबीरनगर के जयकेश त्रिपाठी, डीसी मनरेगा संजय शर्मा समेत संबंधित विभागों के मंडलीय अधिकारी और विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages