बस्ती। डायट प्राचार्य एवं सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक संजय कुमार शुक्ल के कार्य-व्यवहार को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने नाराजगी जताई है। सोमवार को जिलाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद सिंह एवं जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा के नेतृत्व में शिक्षकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कथित अमर्यादित व्यवहार की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। संगठन ने आरोपों की पुष्टि होने पर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई तथा शिक्षकों के सम्मान और महिला शिक्षिकाओं की गरिमा सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में 10 सितंबर को बहादुरपुर विकासखंड के प्रधानाध्यापकों के प्रशिक्षण के दौरान हुई कथित घटना का उल्लेख किया गया है। शिक्षक संगठन का आरोप है कि शौचालय एवं यूरिनल से जुड़े विषय पर महिला शिक्षिकाओं के साथ अशोभनीय टिप्पणी की गई। संगठन के अनुसार, महिला शिक्षिकाओं को शौचालय का प्रयोग करना नहीं आने संबंधी कथित टिप्पणी से वे आहत हुईं और कुछ शिक्षिकाएं प्रशिक्षण कक्ष में भावुक होकर रोने लगीं।
शिक्षक संघ ने कहा कि यह मामला केवल कार्य-व्यवहार का नहीं, बल्कि महिला शिक्षकों की गरिमा और सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल से जुड़ा गंभीर विषय है। संगठन ने मांग की कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोष पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में शिक्षकों के नियमित प्रशिक्षण बीआरसी पर आयोजित कराने, शिक्षक संगठनों एवं विभागीय बैठकों को बीआरसी अथवा न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित करने और महिला शिक्षकों के साथ मर्यादित व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई है।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और भविष्य में इस प्रकार का कथित अमर्यादित व्यवहार जारी रहा तो शिक्षक संघ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण ढंग से धरना-प्रदर्शन और आंदोलनात्मक कार्यक्रम करने को बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रवीण श्रीवास्तव, अखिलेश पाण्डेय, बब्बन पाण्डेय, अविनाश दुबे, मुरलीधर वर्मा, हरेंद्र यादव, संतोष पाण्डेय, वीरेंद्र शुक्ला, रजनीश यादव, वेद उपाध्याय, समीउल्लाह अंसारी, विजय यादव, अनिल पाठक, सनद पटेल, विवेक सिंह, सुरेश गौड़, सुरेंद्र यादव, धर्मराज यादव, संजय यादव, प्रमोद सिंह, बिंदेश्वरी मिश्र, डॉ. अश्वनी, धर्मेंद्र, विशाल सिंह, आसाराम, राजेश, अनुराग श्रीवास्तव सहित शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र शुक्ल शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment