हर्रैया। मिशन शक्ति अभियान के तहत बस्ती पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वाड टीम ने सोमवार को हर्रैया थाना क्षेत्र के स्कूल-कॉलेज, बाजारों, चौराहों और कोचिंग सेंटरों के आसपास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे करीब 40 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जबकि दो मनचलों से माफीनामा भरवाया गया।
पुलिस अधीक्षक बस्ती के आदेश एवं अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने नेशनल इंटर कॉलेज, हर्रैया बाजार, बभनान रोड, हर्रैया चौराहा और आसपास की मुख्य सड़कों पर चेकिंग की। महिला दुकानदारों से भी बाजार और चौराहों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले युवकों के संबंध में जानकारी ली गई।
अभियान के दौरान महिलाओं की समस्याएं सुनी गईं और उनके निस्तारण का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। अभियान में एंटी रोमियो स्क्वाड की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता, महिला हेड कांस्टेबल सुनीता यादव और महिला कांस्टेबल ममता चौहान शामिल रहीं।

No comments:
Post a Comment