गाजियाबाद। धौलाना विधानसभा क्षेत्र के गांव बदनोली में दलित युवक की हत्या के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं को वेव सिटी पुलिस द्वारा रास्ते में रोकने और हाउस अरेस्ट किए जाने का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लेकर प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि पुलिस की बैरिकेडिंग से कांग्रेस की आवाज नहीं रुकेगी।
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सह प्रभारी संजीव आर्य के बुलंदशहर से हापुड़ बाईपास पहुंचने के बाद संयुक्त रूप से बदनोली जाने का कार्यक्रम था। इसी क्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, वेव सिटी पुलिस ने रास्ते में उन्हें रोक दिया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी। कांग्रेस ने इसे विपक्ष के लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई बताया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि जिस समय दलित परिवार अपने बेटे की हत्या के बाद न्याय के लिए संघर्ष कर रहा है, उस समय कांग्रेस नेता उसके दुख में शामिल होने और न्याय का भरोसा देने जा रहे थे। लेकिन सरकार ने पुलिस के दम पर उन्हें रास्ते में रोक दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो कांग्रेस नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने से डर कैसा?
सतीश शर्मा ने आरोप लगाया कि योगी सरकार राहुल गांधी और कांग्रेस की बढ़ती जनस्वीकार्यता से घबराई हुई है। जब सरकार जनता के सवालों का जवाब नहीं दे पाती, तब पुलिस को आगे करके विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर पीड़ित परिवार की आवाज दबने नहीं देगी।
उन्होंने बदनोली हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व न्याय सुनिश्चित किए जाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार से मिलने से रोकने का कारण सरकार सार्वजनिक करे। उन्होंने चेतावनी दी कि दमन की कार्रवाई से कांग्रेस का संघर्ष समाप्त नहीं होगा और पार्टी जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर हर लोकतांत्रिक मंच तक उठाती रहेगी।

No comments:
Post a Comment