लखनऊ। यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन (यूपीडब्लूजेयू) की प्रदेश कार्यसमिति का पुनर्गठन करते हुए नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यसमिति की बैठक में वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘आज समाज’ के ब्यूरो प्रमुख अजय त्रिवेदी को प्रदेश महामंत्री नामित किया गया। वहीं वरिष्ठ पत्रकार रोहित महेश्वरी को संगठन सचिव तथा सुनील कुमार दिवाकर और आशीष बाजपेई को संयुक्त सचिव बनाया गया।
यूपीडब्लूजेयू के प्रदेश अध्यक्ष टीबी सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए बताया कि प्रदेश के 45 जिलों में संगठन की इकाइयां गठित हो चुकी हैं। शेष जिलों में भी जल्द संगठन का विस्तार पूरा किया जाएगा।
आईएफडब्लूजे के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमंत तिवारी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। आईएफडब्लूजे के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ कलहंस ने बताया कि अगले माह आयोजित होने वाले राज्य सम्मेलन में नवनियुक्त पदाधिकारियों के नामों का अनुमोदन आमसभा से कराया जाएगा।
बैठक में यूपीडब्लूजेयू के वरिष्ठ प्रदेश सचिव उत्कर्ष सिन्हा, सचिव प्रभप्रीत सिंह, प्रकाशन सचिव वीरेंद्र सिंह, प्रचार सचिव आशीष अवस्थी, लखनऊ मंडल अध्यक्ष एंथोनी सिंह सहित वरिष्ठ पत्रकार अशोक त्रिपाठी, मुकुल मिश्रा, अमित मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment