वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत तथा 1 अगस्त 2026 से प्रारंभ राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान-3.0 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजन में जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संत कबीर नगर की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रणधीर सिंह ने न्यायालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरूकता रैली में प्रभा देवी लॉ कॉलेज, खलीलाबाद के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली खलीलाबाद शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के प्रति जागरूक किया।
रैली के माध्यम से आमजन को विधिक सेवाओं तथा विवादों के वैकल्पिक समाधान के महत्व की जानकारी दी गई। लोगों को प्रेरित किया गया कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक वादों का निस्तारण कराएं तथा मध्यस्थता के माध्यम से आपसी सहमति से विवादों का समाधान करें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की कि आगामी 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाते हुए अपने लंबित अथवा प्री-लिटिगेशन विवादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने के लिए आगे आएं।
इस अवसर पर एडीजे प्रथम गजेंद्र, नोडल अधिकारी लोक अदालत कृष्ण कुमार, सचिव अनन्या साह, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश कुमार, डॉ. प्रमोद त्रिपाठी, कॉर्डिनेटर विजय कुमार, चीफ एलएडीसीएस अंजय कुमार श्रीवास्तव सहित संबंधित न्यायाधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment