वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकास खंड बघौली के पूर्व में छूटे 12 राजस्व ग्रामों को योजना से आच्छादित किए जाने के संबंध में प्रस्ताव पर विचार किया गया। इन ग्रामों में भैसँथ, दोढ़या, लोरीक बारी, हरापट्टी, हरदी, कुरियापार बेलहसा, कदमा, मदरहा, महला, चिलवानखोर एवं सुबरवनकोट सहित अन्य ग्राम शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने इन 12 राजस्व ग्रामों को जल जीवन मिशन के तहत आच्छादित करने के लिए 21.43 करोड़ रुपये के विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) को जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की ओर से प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम महेन्द्र राम को डीपीआर राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन कार्यालय, लखनऊ को प्रेषित करने के निर्देश दिए। डीपीआर को स्वीकृति के लिए राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन को भेजने की कार्रवाई भी की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन ग्रामों के योजना में शामिल होने से ग्रामीण परिवारों को ‘हर घर नल से जल’ की सुविधा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी हरिकेश यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, कृषि एवं सिंचाई विभाग के अधिकारी, अधिशासी अभियंता भूगर्भ जल विभाग, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment