<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, September 21, 2026

गांधी जयंती पर जिले में होंगे विविध कार्यक्रम, छह बजे निकलेगी प्रभातफेरी


बस्ती। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर को जिले में श्रद्धा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के संदेश के साथ मनाई जाएगी। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता एवं मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती की अध्यक्षता में बैठक हुई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी एवं मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से गांधी जी के आदर्शों को अपने आचरण में उतारने तथा स्वच्छ एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को सुबह छह बजे प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह सात बजे वाक रेस प्रतियोगिता होगी। सुबह आठ बजे सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण और सत्यनिष्ठा का संकल्प लिया जाएगा। सुबह नौ बजे शहर के विभिन्न चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा।

गांधी जयंती के अवसर पर मलिन बस्तियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिला कारागार में सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में चित्रकला प्रतियोगिता कराई जाएगी। अस्पताल में मरीजों तथा हथियागढ़ स्थित कुष्ठ आश्रम में फल वितरित किए जाएंगे।

बैठक में जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन, आईटीआई प्रधानाचार्य गोविन्द कुमार, जीआईसी के विजय कुमार वर्मा, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, डॉ. वीके वर्मा, सरदार जगवीर सिंह, स्कन्द शुक्ला, अनुराग श्रीवास्तव, चन्द्र प्रकाश शर्मा, पवन वर्मा, केके उपाध्याय, सैयद जीशान हैदर रिजवी, हरिओम प्रकाश, वीर कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages