लखनऊ। प्रदेश के दवा व्यापारियों को लाइसेंस एवं विभागीय प्रक्रियाओं में आ रही दिक्कतों से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के साथ OCDUP के प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई। इसमें दवा कारोबार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
दवा विक्रेता समिति गोरखपुर के अध्यक्ष योगेन्द्र नाथ दूबे और महामंत्री आलोक चौरसिया ने हाल में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर दवा व्यापारियों की समस्याएं उनके सामने रखी थीं। इसके बाद विभाग ने OCDUP प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया।
बैठक में विभागीय पोर्टल की तकनीकी खामियों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पोर्टल से संबंधित प्रक्रियाओं में व्यापारियों को व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने पोर्टल की कमियों को शीघ्र दूर करने और इसे अपग्रेड किए जाने की जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने लाइसेंस रिटेंशन को सरल करने, गोडाउन एवं ब्रांच लाइसेंस की प्रक्रिया सुगम बनाने, पात्र आवेदकों को नए थोक दवा लाइसेंस जारी करने तथा ब्रांच और फार्मासिस्ट परिवर्तन की प्रक्रिया ऑनलाइन करने की मांग रखी। रजिस्टर्ड रेंट एग्रीमेंट, निरीक्षण एवं एसओपी में एकरूपता और छोटी तकनीकी कमियों के मामलों में व्यावहारिक व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया।
इसके अलावा पोर्टल एवं लाइसेंस संबंधी शिकायतों के लिए तकनीकी हेल्पडेस्क, समयबद्ध शिकायत निवारण व्यवस्था तथा जिलों में ड्रग इंस्पेक्टर और विभागीय कर्मचारियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
- नकली और अधोमानक दवाओं पर कार्रवाई होगी तेज
बैठक में नकली, मिलावटी, अधोमानक और अवैध दवाओं के साथ नारकोटिक्स दवाओं के अनधिकृत कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने का मुद्दा भी उठा। आयुक्त ने ऐसी दवाओं के खिलाफ विभागीय कार्रवाई को और प्रभावी बनाने का आश्वासन दिया। संगठन ने भी वैध दवा व्यापार को बढ़ावा देने और नियमों के पालन में विभाग को सहयोग देने की बात कही।
OCDUP पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य नियमों में छूट लेना नहीं, बल्कि नियमों का पालन करने वाले दवा व्यापारियों के लिए प्रक्रियाओं को सरल, स्पष्ट, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। वहीं अवैध, नकली और अधोमानक दवाओं के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जरूरत पर सहमति जताई गई।
बैठक में OCDUP प्रदेश अध्यक्ष दिवाकर सिंह, महामंत्री सुधीर अग्रवाल, प्रदेश संगठन मंत्री शैलेंद्र सिंह टिल्लू, दवा विक्रेता समिति गोरखपुर के अध्यक्ष योगेन्द्र नाथ दूबे, महामंत्री आलोक चौरसिया, दुर्गेश शुक्ला, वाराणसी के महामंत्री संजय सिंह और लखनऊ के अध्यक्ष हरीश शाह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर बैठक आयोजित करने तथा आयुक्त द्वारा समस्याओं के समाधान के लिए दिए गए सकारात्मक आश्वासन पर आभार जताया।

No comments:
Post a Comment