वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। सरस्वती शिशु मंदिर (10+2), पक्कीबाग में ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ अभियान के अंतर्गत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए वर्ष 2047 के भारत को लेकर अपने सपनों, आकांक्षाओं और राष्ट्र निर्माण की कल्पनाओं को चित्रों एवं शब्दों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित, आत्मनिर्भर, स्वच्छ, समृद्ध एवं सशक्त भारत की परिकल्पना को रंगों के माध्यम से उकेरा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रभक्ति सहित देश की प्रगति से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे।
विद्यालय के हिंदी प्रवक्ता एवं विभागाध्यक्ष शिवम् दुबे ने कहा कि चित्रकला रंगों से भाव व्यक्त करती है, जबकि भाषण शब्दों के माध्यम से विचारों को प्रभावी ढंग से सामने रखता है। उन्होंने 2047 के भारत को आत्मनिर्भर, समृद्ध और आधुनिक राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया।
प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भारत अपनी संस्कृति और तकनीकी प्रगति के समन्वय से विश्व में नई पहचान बनाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य रामकेवल शर्मा, कला आचार्या शिल्पी सिंह चौहान सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति-कौशल और राष्ट्रबोध की भावना को बढ़ावा दिया।

No comments:
Post a Comment