गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में जनपद में विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सड़क, भवन, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र समेत विभिन्न विकास परियोजनाओं की विभागवार और योजनावार प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य पूर्ण होने की निर्धारित समय-सीमा और अब तक की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का सत्यापन करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित मानकों और तकनीकी विनिर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में धीमी गति से चल रही परियोजनाओं पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनावश्यक रूप से परियोजनाओं को लंबित रखने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को नियमानुसार शीघ्र हस्तांतरित कर जनसामान्य के उपयोग में लाने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं का विभागीय समन्वय के माध्यम से तत्काल समाधान कराने और परियोजनाओं की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment