वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। आगामी विधानसभा चुनाव मिशन-2027 की तैयारियों को धार देने के क्रम में खलीलाबाद के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण चौबे उर्फ जय चौबे ने बस्ती के ऐतिहासिक फुटहिया चौराहे पर अपनी सांगठनिक ताकत और जनाधार का जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के आगमन पर जय चौबे के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। भव्य स्वागत के दौरान पूरा फुटहिया चौराहा ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
जय चौबे ने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का विशाल फूल-मालाओं और अंगवस्त्र से गर्मजोशी से अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल की राजनीति में एक महत्वपूर्ण शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर हरीश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं के स्नेह और उत्साह के लिए जय चौबे सहित उपस्थित जनसमूह का आभार जताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने तथा आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
वहीं, जय चौबे ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के अटूट परिश्रम के बल पर पार्टी आगामी चुनाव में ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। फुटहिया चौराहे पर देर तक उत्साह और राजनीतिक सरगर्मी का माहौल बना रहा।

No comments:
Post a Comment