संतकबीरनगर। जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में संतकबीरनगर पुलिस ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के प्रभावी निर्देशन एवं सतत मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप अगस्त 2026 की आईजीआरएस मासिक रैंकिंग में संतकबीरनगर को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। खास बात यह है कि जनपद ने लगातार 15वीं बार प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक मामले में मौके पर जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जनपद स्तर पर नियमित समीक्षा की जाती है। जांच आख्या प्राप्त होने के बाद उसका भी परीक्षण किया जाता है। संतोषजनक निस्तारण नहीं मिलने पर संबंधित प्रकरण को दोबारा जांच के लिए वापस भेजकर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित कराया जाता है।
अगस्त की रैंकिंग में जनपद के सभी 10 थानों ने भी प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुलिस विभाग ने इसे प्रभावी मॉनिटरिंग, बेहतर जनसुनवाई और शिकायतों के प्रति संवेदनशील कार्यप्रणाली का परिणाम बताया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने भविष्य में भी जनशिकायतों के पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

No comments:
Post a Comment