बस्ती। आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्गों के लिए राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना सहारा बनी हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत बस्ती जिले में वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान 2.48 लाख से अधिक बुजुर्गों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले के 1,20,100 लाभार्थियों के लिए 14,474.43 लाख रुपये की धनराशि का भुगतान किया गया। वहीं 2025-26 में 1,27,936 लाभार्थियों को 13,510.70 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई। दोनों वित्तीय वर्षों को मिलाकर कुल 2,48,036 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिला।
योजना का उद्देश्य ऐसे वृद्धजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, जिनके पास जीवनयापन के पर्याप्त साधन नहीं हैं। पेंशन की राशि से लाभार्थी दवा, भोजन और दैनिक जरूरतों की वस्तुओं पर खर्च कर रहे हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्गों के लिए यह सहायता उपयोगी साबित हो रही है।
जिले के विभिन्न विकासखंडों में शिव प्रसाद, चंद्रशेखर, रघुनाथ, विमलावती और सुरेंद्र प्रसाद समेत बड़ी संख्या में बुजुर्ग योजना के लाभार्थी हैं। लाभार्थियों के अनुसार नियमित पेंशन मिलने से छोटी-छोटी जरूरतों के लिए उन्हें परिवार के सदस्यों पर कम निर्भर रहना पड़ता है।
समाज कल्याण विभाग के माध्यम से संचालित योजना में पात्र बुजुर्गों को लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाती है। पेंशन की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहती है। जिले में अधिक से अधिक पात्र बुजुर्गों को योजना से जोड़कर सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है।
No comments:
Post a Comment