<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, September 20, 2026

पलुस्कर और भातखंडे की जयंती पर गूंजी शास्त्रीय संगीत की स्वर लहरियां

- संगीत सेवा संस्थान के विद्यार्थियों ने राग, भजन, कजरी और कव्वाली की दी मनमोहक प्रस्तुतियां


बस्ती। स्थानीय प्रेस क्लब सभागार में पंडित ज्वाला प्रसाद संगीत सेवा संस्थान की ओर से संगीत महर्षि पं. विष्णु दिगंबर पलुस्कर एवं पं. विष्णु नारायण भातखंडे की जयंती के अवसर पर शास्त्रीय एवं सुगम संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए शास्त्रीय संगीत से लेकर भजन, कजरी और कव्वाली तक की प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी।
मुख्य अतिथि डॉ. विनायक ने कहा कि संगीत जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यह मन को शांति देने के साथ ही व्यक्ति में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। विशिष्ट अतिथि जयंत मिश्रा, प्रकाश गुप्ता एवं डॉ. अजय किशोर ने भी संगीत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
संगीत शिक्षक राजेश आर्य, संस्थान के सचिव संतोष श्रीवास्तव, डॉ. नवीन सिंह एवं संगीत शिक्षिका रजनी गुप्ता ने कहा कि पं. विष्णु दिगंबर पलुस्कर और पं. विष्णु नारायण भातखंडे ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को व्यवस्थित स्वरूप देने तथा उसे आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से शास्त्रीय संगीत की परंपरा को नई दिशा मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं स्वागत गान से हुआ। इसके बाद स्वरांग ने राग कामोद की प्रस्तुति दी। विभोर के श्याम भजन ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। नितेश, स्वरांग, शैलेश, अनिकेत, अपर्णा, स्वरीशा, अनुष्का, रीना, शिखा एवं अंजली ने राग मल्हार की प्रस्तुति से वातावरण को संगीतमय बना दिया।
संस्थान के छात्र श्याम मिश्रा ने बांसुरी वादन से विशेष छाप छोड़ी। विद्यार्थियों ने कजरी और भजन की प्रस्तुतियां भी दीं। वहीं कव्वाली की सामूहिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया और श्रोता तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे।
कीबोर्ड पर रवि, पैड पर पंकज गौतम तथा ढोलक पर अभिषेक आर्य ने शानदार संगत की। इस अवसर पर आलोक रंजन, अथर्व, प्रिंस, अभिषेक सेन, प्रमोद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के प्रबंधक विनोद उपाध्याय ने किया।

No comments:

Post a Comment

Pages