- मंजू पाण्डेय बोलीं- उपभोक्ताओं को 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर का विकल्प और स्पष्ट जानकारी मिले
प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि घरेलू और वाणिज्यिक एलपीजी के बीच लंबे समय से स्पष्ट अंतर रहा है। ऐसे में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए नई श्रेणी के 10 किलोग्राम कम्पोजिट सिलेंडर की व्यवस्था लागू करने से पहले सरकार और तेल कंपनियों को इसकी कीमत, रिफिल दर, सुरक्षा, सब्सिडी की पात्रता तथा प्रति किलोग्राम एलपीजी की लागत की पूरी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।
मंजू पाण्डेय ने कहा कि रसोई गैस आम परिवार की रोजमर्रा की जरूरत है। यदि कम क्षमता वाले सिलेंडर की खरीद में उपभोक्ता को प्रति किलोग्राम अधिक कीमत चुकानी पड़ती है तो इससे परिवारों के रसोई बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को विकल्प के नाम पर ऐसी व्यवस्था स्वीकार करने के लिए बाध्य नहीं किया जाना चाहिए, जिससे उनका खर्च बढ़े।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि नए घरेलू कनेक्शन के मामले में 10 किलोग्राम कम्पोजिट सिलेंडर दिए जाने का आधार स्पष्ट किया जाए। साथ ही 14.2 किलोग्राम के पारंपरिक घरेलू सिलेंडर की उपलब्धता, कीमत और उपभोक्ता के विकल्प की स्थिति भी स्पष्ट रूप से बताई जाए।
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि नई एलपीजी व्यवस्था में पारदर्शिता के साथ उपभोक्ता हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने 10 और 14.2 किलोग्राम सिलेंडरों की कीमत एवं क्षमता का तुलनात्मक विवरण सार्वजनिक करने तथा किसी भी प्रकार की अनिवार्यता या भ्रम की स्थिति को तत्काल दूर करने की मांग की।

No comments:
Post a Comment