वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। यूनीक साइंस एकेडमी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं बाल लीलाओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में बच्चों ने श्रीकृष्ण, राधा एवं गोपियों की मनमोहक वेशभूषा धारण कर अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। युवान ग्रुप के बच्चों ने राधा-कृष्ण की झांकी पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देखकर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय में ‘लिटिल कान्हा कॉम्पटिशन’ का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आशवी, गार्गी प्रजापति और उदित श्रीवास्तव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समर, काव्या श्रीवास्तव और सिद्धार्थ श्रीवास्तव द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि ऋतुवी, अवंतिका सिंह और आंशी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
साहिना खान तथा काव्या श्रीवास्तव ने ‘राधा गोरी-गोरी’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं आन्या ने ‘आज राधा का श्याम याद आ गया’ गीत पर सुंदर नृत्य की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर संतोष कुमार श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें उपहार प्रदान किए तथा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
अंत में सभी बच्चों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने मिलकर जन्माष्टमी उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया।

No comments:
Post a Comment