वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विभिन्न राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनसामान्य से जुड़े राजस्व मामलों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने तहसील स्तर पर लंबित वादों, नामांतरण, वरासत, पैमाइश, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का नियमित अनुश्रवण करते हुए उनका शीघ्र निस्तारण कराया जाए। अनावश्यक रूप से किसी भी प्रकरण को लंबित न रखा जाए। फरियादियों को समय से न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा राजस्व कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त न की जाए।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment