बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के धमौरा में सड़क किनारे मिले युवक यशवंत कुमार के शव के मामले में पुलिस ने तीन युवतियों को गिरफ्तार किया है। थाना वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को नगर थाना क्षेत्र के लोहरैया मोड़ स्थित नेशनल हाईवे से तीनों को पकड़ा गया। इससे पहले 12 सितंबर को दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।
- अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा
खड़ौवाखुर्द निवासी हेमंत कुमार ने 11 सितंबर को वाल्टरगंज थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई यशवंत कुमार (26) उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम, निर्माण इकाई गोरखपुर में संविदा पर कार्यरत थे। आठ सितंबर की शाम ड्यूटी से लौटने के बाद वह नगर बाजार से घर के लिए निकले, लेकिन घर नहीं पहुंचे। अगले दिन नौ सितंबर को उनकी मोटरसाइकिल दुबौलिया बैरागल के किनारे और शव वाल्टरगंज क्षेत्र के धमौरा के पास सड़क किनारे मिला।
परिजनों की सूचना पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपियों के नाम सामने आने पर पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मंगलवार को तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
- बरामद हुए मृतक के जरूरी दस्तावेज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रीमा (26) और शीला (20), दोनों निवासी कौड़ीकोल थाना कप्तानगंज, तथा गुड़िया (23), निवासी खड़ौवाखुर्द थाना नगर, बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल, मृतक की दो चेकबुक, एसबीआई का एटीएम कार्ड, यशवंत के दो फोटो और काली पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है। मोटरसाइकिल का नंबर UP51AN4255 बताया गया है।
प्रभारी निरीक्षक वाल्टरगंज ज्ञानेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में एसओजी प्रभारी विकास यादव, सर्विलांस प्रभारी शेषनाथ यादव सहित पुलिस टीम शामिल रही।

No comments:
Post a Comment