वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। चार दिव्यांग बच्चों की जिम्मेदारी और आर्थिक कठिनाइयों के बीच जिंदगी गुजार रहे रामकिशन पांडे के परिवार के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संवेदनशील पहल नई उम्मीद लेकर आई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने परिवार की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए आवास, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और दैनिक जरूरतों से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती सुरक्षित आवास की थी। प्रशासन की पहल पर रामकिशन पांडे को कांशीराम आवास योजना के तहत पक्का आवास उपलब्ध कराया गया। आवास मिलने से परिवार को सिर पर सुरक्षित छत मिली और बच्चों की देखभाल को लेकर उनकी चिंता काफी कम हुई।
दिव्यांग बच्चों की जरूरतों को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। परिवार के बड़े बेटे अंकुर को दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाया गया, जिससे उसे नियमित आर्थिक सहायता मिल सके। वहीं बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए उनका विद्यालय में दाखिला कराया गया। इससे परिवार को बच्चों के भविष्य को लेकर भरोसा मिला।
परिवार की खाद्य और घरेलू जरूरतों को भी योजनाओं से जोड़ा गया। अंत्योदय राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया तथा आय प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके साथ ही उज्ज्वला गैस कनेक्शन की प्रक्रिया भी पूरी हुई। इस तरह प्रशासन ने परिवार की अलग-अलग जरूरतों को चिन्हित कर उन्हें संबंधित सरकारी योजनाओं से जोड़ा।
चार दिव्यांग बच्चों वाले इस परिवार के लिए यह सहायता केवल सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में मिला सहारा है। मुख्यमंत्री की पहल और प्रशासन की तत्परता से परिवार को आवास से लेकर शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा तक सुविधाएं मिली हैं। यह प्रयास सरकार की उस नीति को भी रेखांकित करता है, जिसमें जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment